अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल आया है। लगातार तीसरे दिन ऐसी धमकी आई है। यह ईमेल एसजीपीसी के प्रबंधकों को भेजा गया है। जिसके बाद श्री हरमंदिर साहिब परिसर और उसके आसपास पुलिस की ओर से सुरक्षा को पहले से और ज्यादा बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही अर्धसैनिक बल भी तैनात कर दिए गए हैं। लगातार मिल रही धमकी पर अमृतसर के कमिश्नर जीपीएस भुल्लर का बयान सामने आया है।
श्री हरिमंदिर साहिब को आने-जाने वाले हर एक रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और लोगों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों के सामान आदि की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एसजीपीसी को बुधवार को फिर से एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें लिखा हुआ था कि आसपास की पाइपों में आरडीएक्स भर दिया गया है और इसी के साथ धमाके किए जाएंगे। वहीं पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। साइबर सेल की ओर से ईमेल की जांच की जा रही है। जल्द ही इन शरारती तत्वों को दबोच लिया जाएगा।
एसजीपीसी के सचिव प्रताप सिंह ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों की तरफ से धमकी दी गई है कि हरिमंदिर साहिब को बम से उड़ा दिया जाएगा। ये जो धमकी दे रहे हैं, वे सिर्फ हरिमंदिर साहिब की बात नहीं कर रहे है। बल्कि कई अन्य धार्मिक स्थानों का भी जिक्र किया गया है। ऐसे लोगों का कोई भी धर्म नहीं होता। ये लोगों में डर की भावना पैदा करने के लिए ऐसा करते हैं।
वहीं पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि ईमेल को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। उनकी साइबर टीम इस काम में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा पहरा कड़ा कर दिया है। किसी भी सूरत में घबराने की जरूरत नहीं है।







