Home » कालाहांडी में हादसा : सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 लोगों की मौत, सीएम ने जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा
देश

कालाहांडी में हादसा : सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 6 लोगों की मौत, सीएम ने जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा

ओडिशा के कालाहांडी जिले से दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर काम करने के दौरान दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना मंगलवार को कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर इलाके के गौड़ कार्लाखुंटा गांव में हुई।  मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर शोक जताया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तुरंत मदनपुर रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग सदमे में हैं। टैंक के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

सीएम माझी ने हादसे पर जताया शोक

घटना की सूचना मिलने के बाद मदनपुर रामपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुरक्षा इंतजामों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई थी। वहीं इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

सीएमओ के मुताबिक छह मृतकों के नाम हैं-

  1. निमायिन चरण पाल (पिता- गंगाधर पाल)
  2. आकाश पाल (पिता- निमायिन चरण पाल)
  3. अदल माझी (पिता- विष्णु माझी)
  4. बैकुष्ठ जल (पिता- मधु जल)
  5. मनारंजन हाटी (पिता-धनसागर हाटी)
  6. चांद जल (पिता- बलदेव जल)

 

Search

Archives