नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। अफगानिस्तान के काबुल से आने वाली कम एयरलाइंस की फ्लाइट आरक्यू-4401 में 13 साल का बच्चा लैंडिंग गियर के हिस्से में छिपकर भारत पहुंच गया। यह बच्चा किसी यात्री के रूप में नहीं था और न ही उसके पास कोई वैध दस्तावेज या टिकट था।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब फ्लाइट 21 सितंबर की सुबह करीब 11ः10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। एयरलाइन के सिक्योरिटी स्टाफ ने बच्चे को विमान के पास घूमते हुए देखा और शक होने पर उससे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि बच्चा अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का निवासी है और वह अपने देश से बिना किसी वैध अनुमति और टिकट के भारत आया था।
सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत विमान की पूरी तलाशी ली। तलाशी के दौरान लैंडिंग गियर एरिया से एक छोटा लाल रंग का ऑडियो स्पीकर बरामद हुआ, जिससे अंदेशा जताया गया कि बच्चा अपने साथ कुछ सामान भी लेकर आया था। इसके बाद बच्चे को एयरपोर्ट के आई-टू-आई (इमीग्रेशन टू इमीग्रेशन) क्षेत्र में लाया गया, जहां सभी संबंधित एजेंसियों ने उससे विस्तृत पूछताछ की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चा अकेले और बिना किसी आपराधिक उद्देश्य के भारत आया था।







