शहडोल। जैतपुर वन परिक्षेत्र के कुम्हेडीन गांव में खेत में काम कर रहे एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया। इससे किसान बुरी तरह जख्मी हुआ है। परिजनों की मानें तो सुखलाल सिंह पिता रामटहल (46) घर के पास स्थित खेत में काम कर रहा था, तभी अचानक पीछे से भालू आ पहुंचा और सुखलाल पर हमला कर दिया। इसके बाद सुखलाल ने चिल्लाना शुरू किया। चीख पुकार की आवाज सुनकर, परिजन मौके पर दौड़कर गए। भीड़ को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया। घटना में सुखलाल बुरी तरह जख्मी हुआ है। घटना के बाद परिजन घायल को लेकर जैतपुर अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत देख डॉक्टर ने सुखलाल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार जैतपुर वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई है।
मामले में जैतपुर रेंजर राहुल सिखरवार का कहना है कि भालू के हमले से एक व्यक्ति घायल हुआ है। उसका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायल के उपचार में जो भी खर्च होगा उसे वन विभाग वहन करेगा। मेडिकल कॉलेज से अगर निजी अस्पताल भी घायल को रेफर किया जाता है तो पूरा खर्च वन विभाग देगा। इस क्षेत्र में भालू की संख्या अधिक है। हम समय-समय पर लोगों को सतर्क रहने आगाह करते हैं।







