Home » गणेश प्रतिमा स्थापना से पहले दर्दनाक हादसा, भारी-भरकम मूर्ति के नीचे दबने से युवक की मौत
मध्यप्रदेश

गणेश प्रतिमा स्थापना से पहले दर्दनाक हादसा, भारी-भरकम मूर्ति के नीचे दबने से युवक की मौत

मध्यप्रदेश / बुराहनपुर। शहर में देर रात गणेश प्रतिमा ले जा रहे एक युवक की प्रतिमा के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खंडवा के हाटकेश्वर गणेश मंडल से आये युवक गणेश प्रतिमा को लालबाग रोड से लेकर जा रहे थे। इस दौरान करीब 15 फिट ऊंची प्रतिमा को सड़क के गड्ढों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए रॉन्ग साइड से लेकर जाया जा रहा था। इसी दौरान तुलसी मॉल के पास सड़क में एक तरफ ढलान होने से भारी भरकम प्रतिमा पलट गई। प्रतिमा के साथ चल रहा खंडवा के नाई आवार क्षेत्र का युवक शशांक पिता प्रदीप जोशी उसके नीचे दब गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गम्भीर घायल शशांक को किसी तरह बाहर निकाल कर पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर के इलाज के बाद शशांक ने दम तोड़ दिया।  इधर घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आमजन के सहयोग से रास्ते से प्रतिमा हटाने के प्रयास शुरू किए। यहां कड़ी मशक्कत के बाद खंडित हुई प्रतिमा को जेसीबी और क्रेन की मदद से उठा कर ट्रॉली में रखा गया। बाद में विसर्जन करवा दिया गया।

Search

Archives