फेसबुक लाइव कबूलनामा, देखें वीडियो
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम के पास हुई, जहां अरविंद ने नंदिनी पर 5 गोलियां दागीं और फिर पुलिस पर भी कट्टा तान दिया।
अरविंद ने नंदिनी पर 5 गोलियां चलाईं, जिनमें से 2 सिर में और 3 चेहरे और शरीर के अन्य अंगों पर लगीं। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस पर भी कट्टा तान दिया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का गोला छोड़ा और उसे दबोच लिया।
फेसबुक लाइव कबूलनामा
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद आरोपी अरविंद परिहार ने हत्या के तुरंत बाद फेसबुक लाइव आकर अपने अपराध को स्वीकार किया। लाइव वीडियो में अरविंद ने बेहद सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा, ये मेरी पत्नी है, इसके साथ बॉयफ्रेंड कल्लू और अंकुश पाठक थे, जो मौके से भाग गए। ये 6 महीने पहले भी भाग गई थी। ये दोनों युवकों के साथ मिलकर मुझे ब्लैकमेल कर रही थी। मेरी तीन एम्बुलेंस अपने नाम करवा ली हैं और अब मकान की मांग कर रही है। पुलिस में शिकायतें कीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अरविंद ने यह भी दावा किया कि उसके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज कराए गए, और उसकी संपत्ति हथियाने की साजिश चल रही थी। उसका कहना था कि उसने कई बार थानों में शिकायत दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया।
इस फेसबुक लाइव वीडियो ने मामले को और भी जटिल बना दिया है, क्योंकि यह आरोपी की मानसिक स्थिति, शिकायतों की अनदेखी और उसके मुताबिक नंदिनी के ‘साजिशी व्यवहार’ को उजागर करता है। पुलिस अब इस वीडियो को भी सबूत के तौर पर जांच में शामिल कर रही है।
नंदिनी की आपराधिक कुंडली
पुलिस की पड़ताल में नंदिनी की भी आपराधिक कुंडली सामने आई है। नंदिनी की पहली शादी गोटीराम केबट से हुई थी, लेकिन बाद में उसने दतिया के निमलेश जैन के साथ रहने लगी। नंदिनी और निमलेश के बीच विवाद बढ़े और उसने साल 2017 में अपने बॉयफ्रेंड संग मिलकर निमलेश की हत्या कर दी, जिसके लिए वह साढ़े चार साल जेल में रही।
उसके बाद अरविंद और नंदिनी ने 2022-23 में संपर्क में आए थे और आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जबकि नंदिनी का एक 9 साल का बेटा है। दोनों के बीच पैसों को लेकर झगड़े होने लगे, जिसके बाद नंदिनी ने अरविंद पर कई केस दर्ज करवाए।
इसके बाद नंदिनी ने अरविंद पर सिरोल थाने में 3 और जीवाजी यूनिवर्सिटी थाने में एक केस दर्ज करवाया। पिछले साल नंदिनी ने केस दर्ज करवाया कि अरविंद ने उसे कार से कुचलकर मारने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया।
हालांकि कोर्ट में नंदिनी अपने बयान से पलट गई तो अरविंद को जमानत मिल गई। बाद में नंदिनी ने शपथ पत्र देकर कहा कि अरविंद से उसका राजीनामा हो गया तो अरविंद हत्या के केस से दोषमुक्त हो गया। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी अरविंद और मृतक नंदिनी एक-दूसरे के संपर्क में थे। इस दौरान नंदिनी पर अरविंद की संपत्ति हथियाने और अपनी पत्नी को छोड़कर शादी करने का दबाव बनाने की बात सामने आई है।







