नई दिल्ली। ग्वालियर में शुक्रवार की सुबह भयानक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। ये हादसा इतना खतरनाक था कि एक युवक कार के इंजन में फंस गया। महाराजपुरा क्षेत्र में घने कोहरे के कारण ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में मारे गए चारों लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
महाराजपुरा इलाके में बरेठा टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 9 बजे धुंध के कारण यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, थाना प्रभारी यशवंत गोयल फोर्स के साथ पहुंचे। कार, ट्रक में पूरी तरह से फंसी हुई थी। क्रेन से ट्रक और कार को अलग किया गया, जिसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। ट्रक ग्वालियर की ओर से आ रहा था, जबकि कार भिंड से आ रही थी।
ग्वालियर में इस हादसे में जिन चार लोगों की जान गई है, उनमें तीन की पहचान की जा चुकी है। हादसे में मोहल्ला गोरमी की रहने वाली ज्योति यादव, मोरोली गांव के रहने वाले राहुल शर्मा और भिंड निवासी राजू प्रजापति की मौत हो गई है। पुलिस एक और शव की पहचान करने में जुटी है।
राहुल बीएससी कृषि का छात्र था। आज वह अपनी परीक्षा देने जा रहा था, लेकिन इस भीषण हादसे में उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद महाराजपुरा क्षेत्र में लंबा जाम लग गया।







