Home » नशे में धुत युवकों ने की छात्राओं का वीडियो बनाने की कोशिश, विरोध किया तो शिक्षकों पर हमला
मध्यप्रदेश

नशे में धुत युवकों ने की छात्राओं का वीडियो बनाने की कोशिश, विरोध किया तो शिक्षकों पर हमला

जबलपुर। उमरिया जिले के ग्राम पिपरिया स्थित एक हाईस्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बेहद शर्मनाक और गंभीर घटना सामने आई है। कार्यक्रम के बीच 3 से 4 नशे में धुत युवकों ने छात्राओं के कपड़े बदलने के लिए निर्धारित कक्ष में घुसकर मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश की। जब शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। मामले में पीड़ित शिक्षकों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया स्थित हाईस्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें छात्राएं भी भाग ले रही थीं। उनके लिए कपड़े बदलने हेतु एक अलग कमरा निर्धारित किया गया था, जहां पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित था। इसी दौरान 3 से 4 नशे में धुत युवक जबरन उस कमरे में घुस गए और छात्राओं की फोटो-वीडियो बनाने लगे।

इस आपत्तिजनक हरकत को देखकर कार्यक्रम में मौजूद ऑपरेटर रजनीश तिवारी, पुरुषोत्तम तिवारी और अतिथि शिक्षक दिलीप मिश्रा ने युवकों को रोकने का प्रयास किया। इससे बौखलाए आरोपियों ने तीनों शिक्षकों पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर शिक्षकों की जान बचाई।

पुलिस के सामने भी की बदसलूकी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की। इसके बाद पीड़ित शिक्षकों ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करती है।

Search

Archives