4 आरोपी गिरफ्तार
न्यूज डेस्क। मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर की दंपति राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी के गायब होने की गुत्थी सुलझ गई है। राजा रघुवंशी की शिलांग में हत्या हो गई थी और उसकी लाश पहाड़ पर मिली थी, वहीं सोनम गायब हो गई थी। अब सोनम को यूपी के गाजीपुर से पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसकी पुष्टि गाजीपुर के एडीशनल एसपी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने किया है, वहीं, एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में मेघालय के डीजीपी ने कहा है कि राजा मर्डर केस में कथित तौर पर उसकी पत्नी शामिल थी।
मेघालय के डीजीपी के मुताबिक, सोनम मे राजा के मर्डर की सुपारी अपराधियों को दी थी। इस मामले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोनम के अलावा अन्य 3 आरोपी भी मध्य प्रदेश के ही रहने वाले हैं।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने सोमवार की सुबह इस मामले में बड़ी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की। उन्होंने लिखा कि राजा हत्याकांड में पुलिस को मात्र 7 दिनों के भीतर बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मध्यप्रदेश के रहने वाले तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक महिला आरोपी ने खुद सरेंडर कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में अभी भी पुलिस एक आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। संगमा ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए मेघालय पुलिस की सराहना भी की है। राजा हत्याकांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। हालांकि, अब राजा की पत्नी सोनम के मिल जाने से उम्मीद जगी है कि केस के सभी आरोपी जल्द गिरफ्त में आ जाएंगे और राजा रघुवंशी की मौत की गुत्थी सुलझ जाएगी।







