सागर। अवैध संबंधों ने एक और खौफनाक वारदात को जन्म दे दिया। सागर जिले में युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हरीशंकर के दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। मुख्य आरोपित हरीशंकर फिलहाल बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती है और पुलिस की कड़ी निगरानी में है।
मामला 11 अप्रैल का है, जब कर्रापुर के पास राजा ढाबा के सामने एक बोरे में बंद अज्ञात शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान बंडा थाना क्षेत्र के भेड़ा गांव निवासी महेंद्र अहिरवार के रूप में हुई। परिजनों ने गांव के ही हरीशंकर अहिरवार पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान हार्निया की वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सामने आया कि मृतक महेंद्र के हरीशंकर की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हरीशंकर ने पहले महेंद्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने हत्या की साजिश रच डाली।
योजना के तहत 10 अप्रैल की शाम हरीशंकर ने महेंद्र को सागर के राजीव नगर स्थित अपने साले के घर खाने के बहाने बुलाया। वहां पहले साथ बैठकर पार्टी की गई और फिर अचानक कुल्हाड़ी से महेंद्र पर हमला कर दिया गया। पहला वार कनपटी पर किया गया, जिससे उसका कान कट गया और सिर पर गंभीर चोट आई। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपितों ने शव को बोरे में भरा और लोडिंग वाहन से बंडा की ओर निकल गए। रात करीब 3 से 4 बजे के बीच कर्रापुर के पास सड़क किनारे शव फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। यह मामला एक बार फिर दर्शाता है कि अवैध संबंधों का अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है।







