भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में चलती स्कूटी से CRPF जवान की पत्नी का पर्स बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर फरार हो गया। पुलिस ने लुटेरे की बाइक बरामद कर उसकी जांच की तो वह चोरी की बाइक निकली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ झपटमारी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाल रही है।
मिसरोद थाना पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय मनीषा ढोबारे पति राजकुमार बैरागढ़ चीचली में रहती हैं। उनके पति राजकुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में पदस्थ हैं। मनीषा रविवार दोपहर अपनी बहन भाग्यश्री के साथ मिसरोद थाना क्षेत्र में किराये का कमरा तलाशने आई थीं। घटना के वक्त स्कूटी भाग्यश्री चला रही थी। स्कूटी में पीछे बैठी मनीषा जब खजांची तिराहे के पास पहुंची तो ब्रेकर पर स्कूटी को धीमा किया। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार बदमाश आया और मनीषा के हाथ से पर्स छीनकर भागने लगा।
बदमाश छिपने के लिए पास की कॉलोनियों में घुस गया और एक कॉलोनी से दूसरी कॉलोनी में जाता दिखा। कुछ देर बाद महिलाएं मुख्य सड़क पर उसकी तलाश में पहुंची तो वह बिजली कंपनी के पावर हाउस के पास दिखा। महिलाओं ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया तो वह वहां से बाइक लेकर भागने के लिए रास्ता नहीं खोज पाया और बाइक छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर पड़ताल की तो पता चला कि उक्त बाइक पिछले महीने हबीबगंज थाना क्षेत्र से चोरी हुई है और उसकी रिपोर्ट भी थाने में दर्ज है।







