कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जेंजरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी में जा गिरी। हादसे में एक ग्रामीण की डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राम सिंह नेटी (52 वर्ष), निवासी जेजरा के रूप में हुई है। घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब राम सिंह अपनी बाइक से जेजरा से पतरापाली मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पतरापाली रोड पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे भरे पानी में जा गिरी।
रात का समय होने और पानी गहरा होने के कारण राम सिंह खुद को बाहर नहीं निकाल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। सुबह राहगीरों द्वारा हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया।
कटघोरा पुलिस की जांच अधिकारी प्रियंका अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।







