कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हसदेव नदी में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती क्षेत्र निवासी 10 वर्षीय बालक अपने एक मित्र के साथ सर्वमंगला मंदिर से लगे हसदेव नदी में स्नान करने गया हुआ था। जहां नहाते-नहाते अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे धार्मिक परंपरा के तहत स्नान करने पहुंचे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाज़ा न लग पाने से यह हादसा हो गया। साथी बच्चे ने जब अपने दोस्त को डूबते देखा तो घबराकर आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी मिली है कि बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक बच्चे का नाम निखिल जायसवाल उर्फ सांई बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हसदेव तट पर इस हादसे से श्रद्धालुओं में मातम का माहौल है।







