Home » लेमरू थाना क्षेत्र में घटित हत्याकांड का खुलासा : पत्नी ने ही पत्थर पर पति का सिर पटक-पटकर कर उतार दिया था मौत के घाट, गिरफ्तार
कोरबा

लेमरू थाना क्षेत्र में घटित हत्याकांड का खुलासा : पत्नी ने ही पत्थर पर पति का सिर पटक-पटकर कर उतार दिया था मौत के घाट, गिरफ्तार

कोरबा । लेमरू थाना क्षेत्र में घटित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी ने ही पत्थर पर पति का सिर पटक-पटकर हत्या की थी। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की जानकारी होने पर मर्ग क्रमांक 05/2025 धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत मृतक जयप्रकाश तिर्की की मृत्यु की जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं मृतक के परिजनों के कथन लिए गए। संदेहास्पद परिस्थितियां होने के कारण मृतक का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय, कोरबा में कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि मृतक की मृत्यु किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कठोर वस्तु से सिर में गंभीर चोट पहुंचाने के कारण हुई है। रिपोर्ट के आधार पर धारा 103(1) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के पालन में साइबर सेल टीम तथा थाना लेमरू पुलिस द्वारा सघन विवेचना की गई। इस दौरान मृतक की पत्नी अमासो बाई से हिकमतअमली से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि उसका पति उस पर चरित्र को लेकर शंका करता था तथा मोबाइल में फिल्में देखकर आपत्तिजनक हरकतें करता था। मना करने पर गाली-गलौज एवं मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह घर से बाहर नाले की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों में विवाद हुआ, इसके बाद जयप्रकाश तिर्की द्वारा गला दबाने की कोशिश की गई, उसे धक्का देने पर उसका सिर पत्थर से टकरा गया और वह गिर गया। इसके बाद आक्रोशित पत्नी ने उसके सिर को पकड़कर पत्थर में दो-तीन बार पटका, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपी महिला द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं घटना के दिन पहने हुए कपड़े प्रस्तुत करने पर उन्हें साक्षियों के समक्ष जप्त किया गया। आरोपी महिला  अमासो तिर्की, पति स्व. जयप्रकाश तिर्की  40 वर्ष, निवासी कुटुरुवा, पलोटी नगर, थाना लेमरू जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Search