कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र के हुकरा गांव में राजमिस्त्री राम राणा (60) ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार शाम उनकी बहू ने कमरे से दुर्गंध महसूस होने पर उन्हें बेहोशी की हालत में पाया। परिजन उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र कार्तिक राम ने बताया कि उनके पिता नियमित रूप से राजमिस्त्री का काम करते थे और खेती-किसानी में भी सक्रिय थे।
मंगलवार को वह काम पर नहीं गए और अचानक यह कदम उठा लिया। कार्तिक के अनुसार परिवार में कोई विवाद नहीं था और पिता ने कभी परेशानी की बात नहीं बताई। परिवार में दो भाई और उनके परिवार एक साथ खुशी से रहते थे। फिलहाल जिला अस्पताल चौकी प्रभारी ने मेडिकल कॉलेज से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।जांच जारी है।







