कोरबा। दोस्त के साथ नहाने गए 11 वर्षीय मासूम का पैर फिसल जाने से पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की पता-तलाश शुरू कर दी है। मामला बालको थाना क्षेत्र के डुग्गूपारा का है।
जानकारी के अनुसार बालको थाना क्षेत्र के डुग्गुपारा में रहने वाला राजकुमार विश्वकर्मा का पुत्र दीपक अपने अन्य तीन दोस्तों के साथ घर के पास ही खेल रहा था। अचानक दोस्तों ने नदी की तरफ जाने का प्लान बना लिया। इसी दौरान नहाते समय दीपक का पैर फिसल गया। बालक पानी की तेज बहाव में बहने लगा। दोस्त को बहता देख साथ गए अन्य तीनों दोस्त घबरा गए, डर के कारण किसी को बिना कुछ कहे अपने-अपने घर लौट आए। परिजनों ने दीपक की खोजबीन शुरू की। जब कुछ पता नहीं चला तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने खोजबीन के दौरान दीपक के साथ खेल रहे अन्य तीनों दोस्तों से पूछताछ शुरू की। पहले तो वे डर के कारण कुछ कहने से कतराते रहे, फिर पुलिस ने सही बात उगलवाने के लिए बच्चों को चाॅकलेट का लालच दिया। इसके बाद बच्चों ने राज खोला। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे सभी नदी की तरफ गए थे और नहाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दीपक का पैर फिसल गया और नदी के तेज बहाव में बह गया। दोस्त को बहता देख वे घबरा गए और घर लौट आए।
दीपक के पानी में बह जाने की खबर से पूरा परिवार शोक में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। दोस्तों के बयान पर पुलिस मासूम की तलाश में जुटी हुई है।







