कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे तेज बारिश और आंधी के दौरान गांव के आसपास खेल रहे कुछ बच्चे बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तत्काल बच्चों को मलबे और डाल के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि एक बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक सभी किशोरों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जिनके नाम शिवराम टेकाम दिनेश तिर्की कमलेश बड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल तथा घटनास्थल पहुंचे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।







