Home » बड़े ने छोटे भाई को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा

बड़े ने छोटे भाई को डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा।  पाली थाना अंतर्गत कोडार गांव में एक बड़े भाई ने छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 30 वर्षीय तुलसी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम  रामसिंह 40 वर्ष है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी पांच भाई बहन है। जमीन का बंटवारा होने के बाद अलग-अलग रहते हैं। मृतक तुलसी और आरोपी का घर भी कुछ ही दूरी पर है। मृतक तुलसीराम शराब के नशे में घर पहुचा जहां से वह अपने बड़े भाई के घर चला गया और दरवाजे को जमकर ठोकने लगा। मना करने के बावजूद भी वह अपने हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।  इससे आक्रोशित उसके बड़े भाई राम सिंह ने पास में रखे डंडे से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई ।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पड़ोसियों को बताने लगा कि उसने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी है, जहां ग्रामीणों ने इसकी सूचना पाली थाना पुलिस को दी । थाना प्रभारी जितेंद्र यादव अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू की।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेत में थरहा लगाने गए हुए थे, वहीं बच्चे घर पर नहीं थे । इस दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई को डंडे से मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी रामसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। तुलसी की हत्या के बाद परिवार और पड़ोसियों में शोक की लहर है।

Search