कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामणी मुख्य मार्ग चंदेला होटल में एक युवती की रूम नंबर 207 में संदिग्ध हालत में लाश मिली। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जहां इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट और पुलिस के आलाधिकारी पहुंचे और जांच कार्यवाही शुरू की।
मृतिका की पहचान जांजगीर चांपा जिला के मरकीडीह निवासी 20 वर्षीय संध्या दास पिता कौशल दास के रूप में की गई। पुलिस ने होटल संचालक से इस संबंध में पूछताछ की गई तो जानकारी मिली कि 20वर्षीय संध्या और जांजगीर जिला निवासी युवक राकेश कुमार मानिकपुरी दोनों एक दिन पहले होटल में रूम नंबर 207 में रुके हुए थे जो शादी कार्यक्रम में कोरबा आना बता रहे थे।
गुरुवार की रात दोनों कहीं से आए और अपने रूम में जाकर सो गए सुबह होने पर जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आ रही थी तब होटल के कर्मचारियों ने रूम जाकर देखा। इस दौरान लड़का लापता था और लड़की की लाश बिस्तर पर पड़ी हुई थी तब जाकर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मृतिका की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। आने के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। वही मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है, जांच जारी है। वहीं पुलिस युवक को संदिग्ध मान उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वही पूछताछ जारी है।







