Home » बस और ट्रक में भिड़ंत : छह यात्रियों को आई गंभीर चोट, कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित निकाला गया बाहर
कोरबा

बस और ट्रक में भिड़ंत : छह यात्रियों को आई गंभीर चोट, कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित निकाला गया बाहर

कोरबा/पाली पाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ है। तेंदूपत्ता गोदाम के पास कोरबा से बिलासपुर जा रही बस और एक ट्रक की आमनेसामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। सामने की सीटों पर बैठे करीब छह यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। बस का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया था। पाली पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब बीस मिनट की मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य यात्री बालबाल बच गए।

घायलों का उपचार जारी : हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आईँ हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। गंभीर घायलों को आवश्यकता पड़ने पर बिलासपुर भेजा जा सकता है। पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

बढ़ते हादसों पर स्थानीय लोगों की मांगस्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर तेंदूपत्ता गोदाम के पास आए दिन होने वाले हादसों पर चिंता जताई है।  ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से दुर्घटना संभावित इस स्थान पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

Search

Archives