कोरबा। 5 साल पूर्व लापता हुई न्यूज़ एंकर सलमा की हत्या के मामले में पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि पुलिस को खुदाई के दौरान कपड़े के साथ कंकाल बरामद हुआ है। कंकाल को डीएनए टेस्ट के लिए रायपुर भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक यू उदय किरण के निर्देश पर आईपीएस रॉबिंसन गुड़िया व उनकी टीम द्वारा कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को कोहड़िया के समीप एनएच की खुदाई का कार्य शुरू कराया गया था। लापता सलमा के कंकाल जमीन से निकालने के लिए दर्री मुख्य मार्ग में जेसीबी और पोकलेन लगाकर पुलिस सुबह से ही प्रयास में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई। देर शाम पुलिस ने कपड़े में लिपटा हुआ कंकाल बरामद किया है।
दर्री सीएसपी रॉबिंसन गुड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि कपड़ों के साथ नर कंकाल को बरामद कर लिया गया है। अब नर कंकाल को डीएनए टेस्ट के लिए रायपुर भेजा जाएगा। याद रहे की सलमा हत्याकांड में पहले ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन कंकाल बरामद करने में पुलिस को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने मशीन लगाकर सड़क की खुदाई का कार्य शुरू किया। आखिरकार पुलिस को यह सफलता मिली है। यह सलमा हत्याकांड की सबसे अहम कड़ी है।







