हुडदंग करने वाली अतिक्रमणकारी महिला को काबू में किया महिला सुरक्षा बल ने, दी कड़ी हिदायत
कोरबा। जिले में अवैध कब्जा व अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम द्वारा की जाने वाली कार्यवाही पर विध्न डालने वालों से नगर निगम की अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम सख्ती के साथ निपट रही है।
इसी कड़ी में ढोढ़ीपारा क्षेत्र अंतर्गत अतिक्रमण हटाने के दौरान निगम कर्मचारियों के साथ अभद्रता व हुडदंग करने वाली अतिक्रमणकारी महिला को महिला सुरक्षा बल ने सख्ती के साथ काबू में किया तथा कड़ी हिदायत दी कि यदि कार्यवाही के दौरान दोबारा विघ्न पैदा किया जाता है तो अतिक्रमण तो हटेगा ही, साथ ही वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा अपने क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय भूमियों, निगम की जमीनों व सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण अवैध कब्जा करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाया जा रहा है, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम में एक सशक्त अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम का गठन कर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध कब्जों व अतिक्रमण को हटाने की कमान निगम के उपायुक्त नीरज कौशिक को दी है। उपायुक्त श्री कौशिक की अगुवाई में निगम की यह टीम क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध कब्जों व अतिक्रमण पर कड़ी नजर रखते हुए उन्हें हटाने की निरंतर कार्यवाही कर रही है।







