कोरबा। शहर के कोसाबाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति भी कुछ समय के लिए ठप हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बंदर पिछले कई दिनों से शहरी क्षेत्र में घूम रहा था। कोसाबाड़ी इलाके में वह कभी इस दुकान तो कभी उस दुकान पर दिखाई देता था। दुकानदार और स्थानीय लोग उसे बिस्किट, फल और अन्य खाने की चीजें भी दे देते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह उछल-कूद करते हुए 11 केवी के तार के संपर्क में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना के बाद विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली बंद कराई गई। इधर, बंदर की मौत की खबर मिलते ही कोरबा गौ सेवक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन विभाग को भी घटना की सूचना दी। गौ सेवा की गाड़ी उपलब्ध नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने अपनी निजी गाड़ी में शव को लोड किया और पूरे विधि-विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा ही सच्ची मानवता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदर काफी मिलनसार था और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता था। उसकी मौत से क्षेत्र के लोग भी दुखी दिखे।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं विद्युत विभाग से भी तारों की सुरक्षा को लेकर जवाब मांगा जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शहर में खुले तारों से आए दिन मवेशियों और वन्यजीवों की मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से तारों को कवर करने या ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।







