Home » पागल बना महिलाओं के लिए जी का जंजाल, युवती को दौड़ाया, कॉल के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
कोरबा छत्तीसगढ़

पागल बना महिलाओं के लिए जी का जंजाल, युवती को दौड़ाया, कॉल के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस

कोरबा। पावर हाउस रोड में एक पागल महिलाओं के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। आए दिन किसी न किसी महिला के साथ अभद्रता करते नजर आ जाता है। महिलाएं डरकर यहां वहां भागने लगती है। यह पागल पावर हाउस रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक घूमता रहता है। अभी 3 दिन पहले एक लड़की जो पॉम माल में कार्य करती है, अपने काम पर जा रही थी, तभी वह पागल युवती को दौड़ाने लगा। युवती भागकर पास की एक दुकान खिलौने वाला में जाकर घुस गई। पागल इतने में भी शांत नहीं हुआ वह उस दुकान पर भी पत्थर मारने लगा।

दुकानदार मो. यासीन मेमन जोकि पेशे से अधिवक्ता भी है, ने पुलिस को फोन लगाकर इस बात की सूचना दी। इधर चौकी प्रभारी ने कहा कि मैं तुरंत टीम भेज रहा हूं, उसे गाड़ी में बिठाने में आप मदद कर देना, लेकिन ना ही टीम आई ना गाड़ी आई और वह पागल इसी तरह लगभग आधा घंटा, उस लड़की का बाहर इंतजार करता रहा। अधिवक्ता ने 112 को भी फोन लगाकर इसकी सूचना दी, लेकिन 112 की टीम का लगभग डेढ़ घंटे बाद फोन आया। तब तक वह पागल वहां से जा चुका था पुलिस की इस घोर लापरवाही से किसी बड़े घटना की दस्तक सुनाई दे रही है।

यह पहला मामला नहीं है, बल्कि कुछ दिन पूर्व एचडीएफसी बैंक के सामने वही पागल एक महिला को दबोच लिया था। आसपास के लोगों ने छुड़ाकर महिला को सुरक्षित किया वहीं तीसरा मामला पॉम माल के सामने एक स्कॉर्पियो में परिवार बैठा हुआ था, जिसमें महिला और बच्चे शामिल थे। यह पागल उस महिला की तरफ लपक रहा था। तभी कुछ लोगों ने उसे डांट डपक कर वहां से भगाया। अगर इसे समय रहते इसकी सही जगह पर नहीं पहुंचाया गया तो निश्चित ही कोई बड़ा हादसा हो सकता है और पुलिस की लापरवाही का खामियाजा शहर में किसी ने किसी महिला को भुगतना पड़ सकता है।

Search