कोरबा। पर्यटकों ने एक 10 फीट लंबे किंग कोबरा को गाड़ी में दबने से बचाया। अजगरबहार गांव के पास जब पर्यटकों की नजर रोड पार कर रहे किंग कोबरा पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत गाड़ी रोक दी और वन विभाग को सूचित किया। देखते ही देखते सड़क पर लोगों के भीड़ एकत्रित हो गई और कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, किसी ने भी किंग कोबरा के साथ छेड़छाड़ नहीं किया।
किंग कोबरा की लंबाई 20 फीट तक हो सकती है। यह सांप अन्य सांपों को खाकर जीवित रहता है और उनकी जनसंख्या नियंत्रित करता है। मादा किंग कोबरा अपने अंडों के लिए पत्तों का घोंसला बनाती है और लगभग 3 माह तक उसकी रक्षा करती है। किंग कोबरा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत वर्ग-I में संरक्षित है। जिले में वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी लगातार जनजागरूकता और रेस्क्यू अभियानों के माध्यम से इंसान और सांप के सह-अस्तित्व को बढ़ावा दे रहे हैं।







