कोरबा । हरदी बाजार थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां 11 वर्षीय रीना कुमारी यादव की जहरीले करैत सांप के डसने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला हरदी बाजार थाना क्षेत्र के भाटिकुड़ा का है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रीना अपने दादी के साथ सो रही थी। इसी बीच वह अचानक चिल्लाते हुए उठी। आवाज सुनकर परिजन भी उठ गए और तुरंत कमरे का लाइट चालू कर देखा तो बिस्तर पर करैत सांप था। थोड़ी देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम के पिता कम्हन यादव ने बताया कि रीना कक्षा 5वीं की छात्रा थी।







