कोरबा। बुलेट सवार युवकों की लापरवाही से मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना टीपी नगर चौक के पास हुई है। चौरसिया पेट्रोल पंप के सामने हुई घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवक बुलेट बाइक पर सवार होकर लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ रहे थे। शराब के नशे में धुत युवक बाइक को इस अंदाज में चला रहे थे, मानो सड़क उनकी निजी संपत्ति हो। इसी दौरान सामने से आ रहे जोमैटो डिलीवरी कर्मी को उन्होंने टक्कर मार दी। युवक अपनी नन्ही बच्ची को स्कूल से घर ला रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम बच्ची सड़क पर गिरते ही लहूलुहान हो गई। पिता को भी चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक बचकर निकल गए, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्ची और उसके पिता को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद बुलेट पर सवार युवक भागने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि तीन में से एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दो को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुलेट सवारों को मामूली चोटें आईं थीं, फिर भी वे मौके से बचकर निकलने की कोशिश कर रहे थे।







