कोरबा। जीएसटी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन 18-पहिया ट्रकों को जब्त कर लिया है। इन ट्रकों में क्रमशः अमोनियम नाइट्रेट (34 टन), लोहे की छड़ें और कबाड़ (स्क्रैप) पाया गया है। विभाग ने सभी वाहनों को संदिग्ध मानकर वित्तीय और सुरक्षा दोनों दृष्टियों से तफ्तीश शुरू कर दी है और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार पहले ट्रक में 34 टन अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ, जिसे ड्राइवर के बयान के मुताबिक गुजरात से लाकर इंडियन ऑयल कंपनी को भेजा जा रहा था। अमोनियम नाइट्रेट का उपयोग सामान्यतः उर्वरक और खनन उद्योग में होता है, परंतु गलत हैंडलिंग या अवैध उपयोग से यह अत्यधिक खतरनाक और विस्फोटक बन सकता है। इस कारण इसके परिवहन व भंडारण पर सख्त नियम लागू हैं। विभाग फिलहाल कंपनी से स्पष्टीकरण मांग रहा है, लेकिन अभी तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
दूसरे ट्रक में मिली छड़ों का परमिट रायपुर दिखता है, जबकि वह रायगढ़ से निकलकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था, दस्तावेज़ों में अनियमितता मिलने पर संबंधित पर करीब 7 लाख रूपए का जुर्माना लगाए जाने की चर्चा है।
तीसरे ट्रक में लदा स्क्रैप को दार्री (कोरबा) से जांजगीर-चांपा ले जाया जा रहा था, पर कागज़ात में दिल्ली की पार्टी दर्शाई गई थी। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर उस पर लगभग 1,25,000 रूपए का जुर्माना लगाया गया है। जबकि जिले में कबाड़ व स्क्रैप के संचालन पर रोक लागू है, विभाग इस बात की भी तह तक जांच कर रहा है कि ऐसी गाड़ियाँ कैसे लोड होकर बाहर जा रही थीं। जीएसटी विभाग ने तीनों ट्रकों को जब्त कर आगे की कानूनी, वित्तीय और सुरक्षा जांच शुरू कर दी है।







