Home » वनकर्मियों के साथ मारपीट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, फरार लकड़ी तस्करों की तलाश जारी
कोरबा

वनकर्मियों के साथ मारपीट मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार, फरार लकड़ी तस्करों की तलाश जारी

कोरबा।  करतला परिक्षेत्र के रामपुर  अंतर्गत ग्राम जोगीपाली (नवाडीह) में वनकर्मियों के साथ हुई मारपीट मामले में पुलिस ने पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनाराम, संजय, पंडेवा लाल, प्रमोद और अंकुश पटेल शामिल हैं। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना 14 नवंबर की रात करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम जोगीपाली में हुई थी। सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर सिंह राठिया 38 हाथियों के झुंड की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कक्ष क्रमांक OA 1464 मुड़धोवा पतरा जंगल में साल की लकड़ी की तस्करी की सूचना मिली।

जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां जोगीपाली निवासी अंकुश पटेल और मना राम पटेल ट्रैक्टर में साल के लट्ठों को ले जाते मिले। इनके साथ मौजूद लगभग एक दर्जन लोगों ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने उन्हें बुरी तरह पीटा, मोबाइल छीन लिया और जबरन गांव ले जाकर लाठी-डंडों से हमला किया। इतना ही नहीं, कुल्हाड़ी से उनकी हत्या का प्रयास भी किया गया। किसी तरह जान बचाकर वनकर्मी वहां से भागे और करतला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक तस्करों के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन गिरफ्तारी में देरी को लेकर वनकर्मियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा था।

संगठन आया आगे- घटना के बाद वनकर्मी एकजुट हो गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कार्रवाई की मांग की। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष प्रीतम पुराइन और जिलाध्यक्ष कमलेश कुम्हार की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

एएसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सघन अभियान चलाया और पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Search

Archives