Home » हाथियों ने तनेरा में मचाया उत्पात, ग्रामीण के मकान को ढहाया, धान चट कर गए
कोरबा

हाथियों ने तनेरा में मचाया उत्पात, ग्रामीण के मकान को ढहाया, धान चट कर गए

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। बीती रात झुंड से अलग होकर दो हाथी ने गांव के भीतर प्रवेश किया। हाथी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने अपने को सुरक्षित किया। दोनों हाथियों ने उत्पात मचाते हुए एक ग्रामीण के घर को ढहा दिया। कोठी को क्षतिग्रस्त कर अंदर रखे धान को चट कर दिया। इस दौरान घरेलू सामानों को तहस-नहस कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला सुबह मौके पर पहुंचा और नुकसानी का आंकलन करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार की गई।मिली जानकारी के अनुसार सेमरहा व तनेरा क्षेत्र में 13 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इनमें से दो हाथी झुंड से अलग होकर गांव के भीतर पहुंच गए। दोनों हाथी ने तीरथ प्रसाद पिता लक्ष्मण उरांव के मकान की दीवार को ढहा दिया। घर में प्रवेश करने के साथ ही कोठी में रखे धान को चट कर दिया। इस दौरान मकान मालिक तीरथ प्रसाद का परिवार बगल के कमरे में सो रहा था। कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में भी 27 हाथी विचरण कर रहे हैं।  इधर कोरबा वनमंडल के बालको व करतला रेंज में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बालको रेंज के केशलपुर में 19 हाथी की खबर है। इसी तरह करतला के तुर्रीकटरा जंगल में 12 हाथी आसपास देखे गए हैं। हाथियों ने अब तक कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है। कोरबा वनमंडल के ही कुदमुरा रेंज में एक सप्ताह से 27 हाथियों के दल ने डेरा जमा लिया था। हाथियों के दल ने बीती रात धर्मजयगढ़ का रूख किया है। वन अमले तथा क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।—

Search