कोरबा। वन मंडल कोरबा के करतला रेंज अंतर्गत बड़मार एवं पीडिया क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के दल ने बीती रात एक साथ मिलकर पीडिया गांव में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने एक ग्रामीण के खेत में लगे बोर के पाईप व पेनलबोर्ड को तोड़ दिया तथा पीडिया, सेंद्ररीपाली, श्रीमार तथा तीलईडबरा में 15 से अधिक किसानों के धान फसल को रौंदकर मटियामेट कर दिया। हाथियों का उत्पात रात भर चला और सुबह होने से पहले पीडिया जंगल में पहुंचकर डेरा डाल दिया। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण हलाकान रहे।
पीड़ित किसानों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आज सुबह मौके पर पहुंचे और हाथियों द्वारा रात में किए गए नुकसानी का आंकलन करने के साथ रिपोर्ट तैयार की। पीडिया क्षेत्र में हाथियों का दल ऐसे समय में पहुंचा है। जब खेतो में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए धान की फसल पककर तैयार है और ग्रामीण उसे काट कर अपने खलिहानों में ले जाने की तैयारी कर रहे है। ऐसे में हाथियों द्वारा उत्पात मचा कर उनकी मेहनतों व अरमानों पर पानी फेर दिया है। फलस्वरूप ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त होना स्वभाविक है। उधर कटघोरा वन मंडल में भी हाथियों का उत्पात अनवरत जारी है। यहां के जंगलों में 42 की संख्या में हाथी आमाटिकरा व परला के आसपास विचरण कर रहे है तथा लगातार फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ उसे तहस नहस कर मेहनत पर पानी फेर रहे है।







