कोरबा। गर्मी के बढ़ते ही शहर के अनेक चौक चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्याऊ घर खोले गए है। जहां लोग रूक कर पानी पीने के साथ अपने प्यासे कंठ को बुझा रहे है, लेकिन लोगों को अब तक शरबत वितरण केन्द्र की सुविधा नही मिल पाई है और वे इसका बेशबरी से इंतजार कर रहे है।
ज्ञात रहे शहर में गर्मियों के दिनों में राहगीरों को निशुल्क शरबत वितरण की परंपरा की शुरूआत पूर्व मंत्री एवं तत्कालीन विधायक जयसिंह अग्रवाल द्वारा टीपी नगर स्थित कांग्रेस कार्यलाय के निकट शरबत वितरण केन्द्र खोलकर की गई। जहां गर्मी के दस्तक देते ही केन्द्र खोल दिया जाता था। जहां राहगीर पहुंचकर शरबत सेवन करने के बाद अपनी प्यास को बुझाते है। निःशुल्क शरबत वितरण की परंपरा गत वर्ष तक यहां लगातार जारी रही है। वर्तमान विधायक एवं प्रदेश के मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी कोरबा विधानसभा का चुनाव जीतते ही और विधायक तथा मंत्री बनने के बाद पूर्व मंत्री के नक्शे कदम पर चलते हुए घंटाघर में निशुल्क शरबत केन्द्र खोलकर राहगीरों के लिए शरबत की सुविधा मुहैया कराना सुनिश्चित किया। अप्रैल माह में गर्मी अब बढ़ रहा है, लेकिन अभी तक इन दोनों नेताओं द्वारा शरबत वितरण केन्द्र नही खोला गया। चुंकि गर्मी अब भीषण रूप लेने जा रही है, अतः लोगों राहगीरों को अब निशुल्क शरबत वितरण केन्द्र खुलने का इंतजार है।







