कोरबा। कलेक्टर श्री दुदावत ने पाली स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, भोजन और नियमित स्वास्थ्य जाँच की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एनआरसी की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए। किचन और वाशरूम की स्वच्छता सुनिश्चित करते हुए मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने माताओं से संवाद कर बच्चों की स्थिति जानी और उनका वजन कर स्वास्थ्य की जाँच की। उन्होंने माताओं को समझाया कि जन्म से छह वर्ष की आयु तक बच्चों को विशेष देखभाल, संतुलित पोषण और नियमित खानपान की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि एनआरसी से छुट्टी मिलने के बाद भी बच्चों को पोषण आहार देना जारी रखें, ताकि कमजोरी की स्थिति न रहे और बच्चे स्वस्थ एवं मजबूत बनें।







