कोरबा/तुमान। कोरबा जिले में हाथी के हमले से लगातार लोगों की जान जा रही है। चैतमा रेंज में एक दिन पहले एक महिला को लोनर हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। गुरूवार की सुबह एक बार फिर हाथी के हमले का मामला सामने आया है।
कटघोरा वन मंडल जटगा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बिझरा चंदनपुर में महिला मीना बाई निर्मलकर (35) पर हाथी ने हमला कर दिया। महिला सुबह उठी और घर से बाहर निकलते ही हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला। परिजनों ने बताया कि मीना बाई दिशा मैदान के लिए निकली थी। हाथी देखकर वह भागने लगीं, लेकिन हाथी ने उन्हें दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही डीएफओ कुमार निशांत ने तुरंत वन स्टाफ को मौके पर भेजा और कटघोरा थाने में भी खबर दी गई। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल‑खेत में अकेले न जाने की सलाह दी है। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए वन विभाग लगातार गश्त बढ़ा रहा है और लोगों को जागरूक कर रहा है। आशा है कि जल्द ही स्थिति नियंत्रण में आएगी और आगे कोई अनहोनी नहीं होगी।
घटनास्थल पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं एकता परिषद के मुरली दास महंत और ग्रामवासी मौजूद हैं। एक दिन पूर्व ही चैतमा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत बारी उराव के आश्रित गांव नीमपानी निवासी फूलसुंदरी मंझावार उम्र 60 वर्ष को हाथी ने मौत के घाट उतार दिया था। पति खाट के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।







