Home » ब्लू बर्ड स्कूल में जमकर मारपीट, छुट्टी होने के बाद जा रहे एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला
कोरबा छत्तीसगढ़

ब्लू बर्ड स्कूल में जमकर मारपीट, छुट्टी होने के बाद जा रहे एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग स्थित ब्लू बर्ड स्कूल में बच्चों के बीच जमकर मारपीट की घटना सामने आई है।

जानकारी के अनुसार ब्लू बर्ड स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 13 साल का छात्र और कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले 12 साल का छात्र स्कूल से छुट्टी होने के बाद बुधवार की दोपहर अपने घर पैदल काशीनगर जा रहे थे.।

इस दौरान आधा दर्जन से अधिक छात्र आए और आठवीं में पढ़ने वाले छात्र के गले के पीछे हिस्से में धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए। आठवीं का छात्र खून से लथपथ हो गया। किसी तरह राहगीरों की मदद से तत्काल घायल छात्र को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे और उसका इलाज शुरू किया गया।

कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले छात्र ने बताया कि दोनों काशी नगर के रहने वाले हैं और छुट्टी होने के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान ब्लू बर्ड स्कूल में पढ़ने वाले 5 से 6 लड़के थे। इसके अलावा दो बाहरी लड़के थे, जो मारपीट करने के बाद तुरंत फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की घटना सामने आई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी में मेमो आधार पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस को दी है। मारपीट की घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को नहीं है और परिजनों ने बताया कि इस मामले में मारपीट की शिकायत पुलिस और स्कूल प्रबंधन दोनों से करेंगे।इस घटना में बच्चे की जान भी जा सकती थी।

Search

Archives