कोरबा। जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस गिरोह से जुड़े चार अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
शादी में गया परिवार, घर का टूटा ताला
सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में अमित दिवाकर अपने परिवार के साथ शादी समारोह में गए हुए थे। अगले दिन घर लौटने पर ताला टूटा मिला और घर से सोने-चांदी के जेवर, चांदी की पायल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपये नगद गायब थे। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।
दूसरे घर को भी बनाया निशाना
इसी थाना क्षेत्र में नंद कुमार के घर को भी निशाना बनाया गया। परिवार के शादी में जाने के दौरान घर का ताला तोड़कर चांदी की पायल, बच्चों के चांदी के आभूषण और करीब 11 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए थे। पूछताछ में आरोपी ने इस वारदात को भी स्वीकार कर लिया, जिसके बाद चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया।
महिला आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
इन दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपी सुमित्रा रात्रे (28) निवासी बेन्द्रकोना के खिलाफ पहले से भी सिविल लाइन रामपुर और उरगा थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पहले भी घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं में शामिल रही है।
मानिकपुर में भी चोरी का खुलासा
चौकी मानिकपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में आकाश मरावी (19), रोहित शर्मा (19) और निखिल वर्मन (21) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
4 आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह से जुड़े चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।







