कोरबा। जिले के मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद नियंत्रित ढंग से पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार सुबह 9ः10 बजे बांध का जलस्तर 358.29 मीटर तक पहुंच गया, जो कि इसकी क्षमता का 91.83 प्रतिशत है। इस दौरान बांध में 59,106 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई।
स्थिति को देखते हुए मुख्य अभियंता बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा एवं अनुमति के उपरांत बांध प्रबंधन द्वारा बाढ़ नियंत्रण की कार्यवाही शुरू की गई। सुबह 9ः00 बजे तीन गेट खोले गए, जिसके माध्यम से पानी छोड़ा जा रहा है।
गेट क्रमांक 4 को 0.25 मीटर खोला गया, जिससे 1,485 क्यूसेक पानी, गेट क्रमांक 6 को 0.50 मीटर खोला गया, जिससे 2,971 क्यूसेक पानी, गेट क्रमांक 8 को 0.25 मीटर खोला गया, जिससे 1,485 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
इन तीनों गेटों से कुल 5,941 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा बांध से जुड़े हाइड्रेल पॉवर प्लांट के माध्यम से भी 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार कुल मिलाकर 14,941 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग ने बताया कि बांध का जलस्तर लगातार निगरानी में है और आवश्यकता अनुसार गेटों को खोला या बंद किया जाएगा। नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने एवं सुरक्षा बरतने की अपील की गई है।







