Home » लातेहार में पुलिस को एक और बड़ी सफलता : 20 लाख के इनामी माओवादी की निशानदेही पर AK-56 बरामद
झारखंड

लातेहार में पुलिस को एक और बड़ी सफलता : 20 लाख के इनामी माओवादी की निशानदेही पर AK-56 बरामद

रांची। झारखंड के लातेहार जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाल ही में गिरफ्तार 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी रीजनल कमांडर रविंद्र गंझू की निशानदेही पर पुलिस ने एक AK-56 स्वचालित राइफल, दो मैगजीन और 90 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में लातेहार के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविंद्र गंझू की गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ के दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि इससे पहले भी रविंद्र गंझू की निशानदेही पर स्वचालित हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। ताजा अभियान के दौरान पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखी गई एक AK-56 राइफल, उसकी दो मैगजीन, 90 राउंड जिंदा कारतूस और एक काले रंग का पाउच बरामद किया।

इस अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने किया। अभियान में बेतहर ओपी प्रभारी रितेश कुमार राव, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, रितेश तिग्गा, SAT-1, SAT-45, सीआरपीएफ तथा कोबरा 209 बटालियन के जवान शामिल रहे।

लातेहार पुलिस ने इस बरामदगी को माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि रविंद्र गंझू से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर आगे भी अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives