Home » इशिका शर्मा की हत्या का संदेह, दोस्त लापता, स्कूटी और मोबाइल भी गायब, भाई ने कहा डिनर में मिलाया गया था नशीला पदार्थ
जांजगीर-चांपा

इशिका शर्मा की हत्या का संदेह, दोस्त लापता, स्कूटी और मोबाइल भी गायब, भाई ने कहा डिनर में मिलाया गया था नशीला पदार्थ

चांपा-जांजगीर। कोरबा के पत्रकार गोपाल शर्मा की बेटी इशिका शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में एक युवक की भूमिका सामने आ रही है, जो घटना के दिन से ही फरार है। पुलिस को युवक पर ही शक है, उसकी तलाश की जा रही है।विगत सोमवार को इशिका शर्मा की लाश उसके बेडरूम से संदिग्ध हालत में मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बिलासपुर से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर जांच के लिए भेजा गया था।जानकारी के अनुसार इशिका शर्मा (22 वर्ष) सिटी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-18 में अपने माता-पिता और भाई के साथ रहती थी। इशिका स्थानीय यू ट्यूब चैनल में पिछले 3 साल से एंकर थी। साथ ही एलएलबी की फाइनल ईयर की छात्रा थी। रविवार को उसके पत्रकार पिता गोपाल शर्मा और मां किसी काम से कोरबा के लिए गए हुए थे। घर में सिर्फ इशिका और उसका भाई आर्यन थे। भाई आर्यन शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने एक दोस्त को भी घर पर बुलाया था। सभी ने रात में खाना खाया। भाई ने चौकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि खाने में कुछ मिलाया गया था। क्योंकि खाना खाने के बाद उसे गहरी नींद आने लगी।भाई ने बताया कि सोमवार की दोपहर वह नींद से जागा। उसके रूम का दरवाजा बाहर से बंद था। इधर पिता गोपाल शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर को 12 बजे उन्होंने दोनों बच्चों को मोबाईल पर कॉल लगाया, तो दोनों में से किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। कई बार फोन लगाने करने के बाद भी जब दोनों बच्चों ने फोन नहीं उठाया, तो उन्हें चिंता हुई। उन्होंने चौकीदार को कॉल किया और घर पर जाकर देखने की बात कही। चौकीदारघर पहुंचा, तो उसने पाया कि घर का मेन दरवाजा खुला हुआ है, वहीं आर्यन के बेडरूम का दरवाजा बाहर से बंद है। चौकीदार ने कमरे का दरवाजा खोलकर आर्यन को जगाया। इसके बाद दोनों इशिका के कमरे में पहुंचे, तो देखा कि उसकी लाश बिस्तर पर पड़ी हुई है, वहीं जो दोस्त घर आया था, उसका कोई अता-पता नहीं था। साथ ही उनकी स्कूटी और भाई-बहन दोनों का मोबाइल भी गायब था। चौकीदार के फोन से बेटे ने तुरंत घटना की सूचना पिता को दी। पिता ने सिटी कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी और पत्नी के साथ जांजगीर-चांपा आने के लिए निकल गए। इधर डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेजा गया। माता-पिता के आने के बाद शाम में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। भाई आर्यन और माता-पिता का बयान दर्ज किया जा रहा है। मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं आर्यन और इशिका का कौन सा दोस्त घर पर आया था, इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि इशिका शर्मा एंकर के साथ-साथ मॉडलिंग भी करती थी। साथ ही लॉ स्टूडेंट भी थी। वो जांजगीर-चांपा के टीसीएल कॉलेज से लॉ की पढ़ाई कर रही थी। एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि हर एंगल पर जांच की जा रही है। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई है।

Search

Archives