Home » ट्रंप हमला केस : फायरिंग करने वाला कौन? कुछ ऐसी है आरोपी की कहानी
दुनिया

ट्रंप हमला केस : फायरिंग करने वाला कौन? कुछ ऐसी है आरोपी की कहानी

वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के बीच मची अफरा-तफरी के बाद अब संदिग्ध की पहचान भी सामने आ गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हिरासत में लिया गया शख्स कोल टॉमस एलन है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह होटल में मौजूद था और अचानक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए बॉलरूम की ओर बढ़ा, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। हालांकि समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने उसे काबू में कर लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।

नासा से जुड़ा रहा, शिक्षक के तौर पर भी काम :  31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के बारे में सामने आई जानकारी के अनुसार, वह मैकेनिकल इंजीनियर और कंप्यूटर साइंस का छात्र रह चुका है। ऑनलाइन प्रोफाइल्स के मुताबिक, उसने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी और बाद में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया। बताया जाता है कि वह नासा के जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में समर रिसर्च फेलोशिप का हिस्सा रह चुका है। इसके अलावा, वह पार्ट-टाइम शिक्षक के तौर पर भी काम कर चुका है।

होटल में घुसकर बॉलरूम की ओर बढ़ा :  घटना शनिवार रात वॉशिंगटन हिल्टन होटल के बाहर हुई, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कार्यक्रम में शामिल थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी सुरक्षा जांच बिंदु को पार करने की कोशिश कर रहा था और बॉलरूम की ओर बढ़ रहा था, जहां करीब 2500 लोग मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू थे। जैसे ही वह सुरक्षा चेकपॉइंट से आगे बढ़ा, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवानों ने उसे रोक लिया। इस दौरान गोलीबारी भी हुई, जिसमें एक अधिकारी के बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित है।

अकेले ही घटना को अंजाम देने की आशंका :  अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह एक लोन एक्ट का मामला लग रहा है। यानी आरोपी ने यह कदम अकेले उठाया। वॉशिंगटन डीसी की मेयर ने बताया कि आरोपी को अस्पताल ले जाकर उसकी जांच की जा रही है। अमेरिकी अटॉर्नी के अनुसार, आरोपी पर हिंसक अपराध के दौरान हथियार इस्तेमाल करने और संघीय अधिकारी पर हमला करने जैसे आरोप लगाए जाएंगे। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 ट्रंप ने आरोपी को बीमार व्यक्ति बताया  :  घटना के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आरोपी कई हथियारों से लैस था और उसे सीक्रेट सर्विस ने बहादुरी से काबू में किया। उन्होंने कहा ‘एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट ने उसकी जान बचा ली।’ ट्रंप ने आरोपी को बीमार व्यक्ति बताते हुए कहा कि उसे पकड़ लिया गया है और उस पर जल्द ही कई आरोप लगाए जाएंगे। एफबीआई सहित कई एजेंसियां आरोपी के पूरे बैकग्राउंड की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि सुरक्षा चेकपॉइंट पर समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी घटना टल गई। फिलहाल, जांच जारी है और एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

Search

Archives