वाशिंगटन। अमेरिका ने वीजा जांच प्रक्रिया में सुरक्षा सख्त करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत अब एफ, एम, और जे कैटेगरी के नॉन-इमिग्रेंट वीजा के लिए आवेदन करने वाले सभी लोगों को अपनी सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्राइवेसी सेटिंग ‘पब्लिक’ करनी होगी। इसका मकसद वीजा आवेदकों की पहचान की बेहतर जांच करना और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह नया नियम तुरंत लागू कर दिया गया है।
अमेरिकी दूतावास ने पोस्ट में क्या कहा? – एक्स प्लेटफॉर्म पर भारत में स्थित अमेरिकी दूतावास ने लिखा, ‘तत्काल प्रभाव से F, M या J गैर-आप्रवासी वीजा के लिए आवेदन करने वाले सभी व्यक्तियों से अनुरोध है कि वे अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीयता सेटिंग को सार्वजनिक कर दें ताकि अमेरिकी कानून के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका में उनकी पहचान और स्वीकार्यता स्थापित करने के लिए आवश्यक जांच की जा सके।
उस पोस्ट में फोटो पर टेक्स्ट लिखते हुए कहा गया है, ‘हर एक वीजा का फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा निर्णय होता है। एक अन्य फोटो में लिखा है, ‘2019 से संयुक्त राज्य अमेरिका ने वीजा आवेदकों को आप्रवासी और गैर-आप्रवासी वीजा आवेदन पत्रों पर सोशल मीडिया की जानकारी देना जरूरी कर दिया है। हम सभी मौजूद जानकारियों का इस्तेमाल अपनी वीजा स्क्रीनिंग में और उन वीजा आवेदकों की पहचान करने के लिए करते हैं जो संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश के लिए अयोग्य हैं और इसमें वे लोग भी शामिल हैं जो अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।







