Home » ऑस्ट्रेलिया की मीडिया में छाए PM मोदी, किसी ने कहा ‘मिस्टर इंडिया’, तो किसी ने हेडलाइन में ये लिखा
दुनिया

ऑस्ट्रेलिया की मीडिया में छाए PM मोदी, किसी ने कहा ‘मिस्टर इंडिया’, तो किसी ने हेडलाइन में ये लिखा

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया की ऐतिहासिक यात्रा के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां की मीडिया में छाए रहे। देश के प्रमुख अखबारों ने उनकी यात्रा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ हुई बातचीत को प्रमुखता से प्रकाशित किया।

एक प्रमुख अखबार के कॉलम में तो प्रधानमंत्री मोदी को ‘Mr India’ तक कहा गया। एक रिपोर्ट के मुताबहिक, पीएम मोदी की इस यात्रा को ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के लिए एक अहम पड़ाव बताया। दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और निवेश जैसे कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौते हुए, जिनकी व्यापक चर्चा अखबारों में देखने को मिली।

ऑस्ट्रेलिया के अखबारों में छाई मोदी की यात्रा :  ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख अखबार ‘द ऑस्ट्रेलियन’ ने अपने पहले पन्ने पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के साथ शीर्षक दिया, ‘Modi comes bearing gifts on trade, defence’ यानी ‘मोदी व्यापार और रक्षा के लिए नई सौगातें लेकर आए हैं।’ इसी अखबार के एक कॉलम में ‘PM’s all the way with Mr India’ शीर्षक से लेख प्रकाशित हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को ‘Mr India’ कहकर संबोधित किया गया। वहीं, एक अन्य प्रमुख अखबार ‘द एज’ ने भी अपने फ्रंट पेज पर मोदी की यात्रा को जगह देते हुए बोल्ड अक्षरों में ‘Albanese’s Modi Operandi’ हेडलाइन लिखी।

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया ने यूरेनियम एक्सपोर्ट, नवीकरणीय ऊर्जा (Renewable Energy), महत्वपूर्ण खनिज (Critical Minerals) और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की। सबसे अहम समझौता ऑस्ट्रेलिया से भारत को शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा के लिए यूरेनियम एक्सपोर्ट की अनुमति को लेकर हुआ। इस समझौते से भारत को अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया को अपने संसाधनों के लिए एक बड़ा बाजार मिलेगा।

‘करीबी साझेदार ही नहीं, अच्छे दोस्त भी’

समझौते के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया और भारत केवल करीबी साझेदार ही नहीं, बल्कि बहुत अच्छे दोस्त भी हैं।’ वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी ऐतिहासिक अवसर लेकर आई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों से भारत में सड़क, बंदरगाह, रेलवे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश करने का आह्वान किया।

आर्थिक संबंधों को मिली नई दिशा : एंथनी अल्बानीज

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने पीएम मोदी को ‘भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक जीवंत पुल’ बताया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा मिली है। बता दें कि मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित किया। इस दौरान हजारों प्रवासी भारतीयों ने ‘मोदी… मोदी’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। मेलबर्न में सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए। वहां की यात्रा पूरी करने के बाद वह भारत लौटेंगे।

Search