US-Israel-Iran Conflict : पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे संघर्ष में हालात अब विस्फोटक और बेकाबू हो चुके हैं। इस्राइल और अमेरिका का ईरान के साथ जारी भीषण टकराव अब अपने 35वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात ज्यादा खतरनाक रूप ले चुका है। मिसाइलों की बारिश और लगातार धमाकों ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया है। यह युद्ध अब सीमाओं को तोड़कर वैश्विक खतरा बन गया है, जहां हर पल विनाश और अनिश्चितता का साया गहराता जा रहा है।
ईरान में गिराए गए अमेरिकी लड़ाकू विमान के बाद बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका ने अपने एक क्रू मेंबर को सफलतापूर्वक बचा लिया है। बताया गया कि यह पायलट जिंदा है, अमेरिकी सेना की निगरानी में है और उसे इलाज दिया जा रहा है। हालांकि दूसरे क्रू मेंबर की स्थिति अभी साफ नहीं है और उसकी तलाश जारी है। यह घटना उस समय हुई जब अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान ईरान के ऊपर गिराया गया था। इसके बाद से लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटनाक्रम ने अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।







