टीकमगढ़। इजराइल में फंसी मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले की स्वाति सिरोठिया की वतन वापसी के प्रयास तेज हो गए हैं। स्वाति के पिता राजेंद्र सिरोठिया ने इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर से मुलाकात की थी। ऑपरेशन अजय के तहत इजराइल में फंसे भारत के सभी नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किया जा रहे हैं।
टीकमगढ़ जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुंडेश्वर धाम की रहने वाली स्वाति एग्रीकल्चर से एमएससी करने के लिए नवंबर 2020 में इजराइल गई थी। इस माह स्वाति की डिग्री कंप्लीट हो रही थी और थीसिस के चलते वह रुक गई थी। 30 अक्टूबर को स्वाति का वीजा समाप्त हो रहा है। इस बीच 7 अक्टूबर को अचानक इजराइल और हमास के बीच युद्ध छिड़ गया, जिसके चलते स्वाति हॉस्टल में फंसकर रह गई है।
पिता राजेंद्र सिरोठिया ने बताया कि स्वाति से फोन पर लगातार बात हो रही है, वह सुरक्षित है। स्वाति के पिता ने बताया कि उसे अभी कोई मैसेज नहीं मिला है, लेकिन मेरी अभी बिटिया से बात हुई है। उसने कहा है कि पापा हम पूर्ण रूप से सुरक्षित और हम लोगों ने उसका 13 तारीख का फ्लाइट का टिकट बुक कर दिया है। संभवतः वह 14 अक्टूबर को इंडिया वापस आ जाएगी।
स्वाति ने बताया कि ऑपरेशन अजय के तहत कुछ भारतीय लोगों को मैसेज पहुंच गया है, लेकिन स्वाति के पास अभी तक मैसेज नहीं आया है। देर शाम तक मैसेज आ सकता है, स्वाति के पिता ने कहा है कि अगर मैसेज नहीं पहुंचता है तो हम लोगों ने उसका टिकट बुक कर दिया है, अगर फ्लाइट चलती है तो वह 14 तारीख को इंडिया आ सकती, भारत सरकार पूरी मदद कर रही है।







