वॉशिंगटन में शनिवार रात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की कोशिश हुई। हालांकि, हमलावर सीधा ट्रंप तक नहीं पहुंच पाया और घटनास्थल में घुसने के बाद ही राष्ट्रपति की सुरक्षा में जुटे सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने उसे मुठभेड़ के बाद जिंदा पकड़ लिया। फिलहाल हमलावर का नाम कोल टॉमस एलन बताया गया है, जो कि कैलिफोर्निया में एक शिक्षक रह चुका है।
हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि हमलावर कैसे उस कार्यक्रम स्थल में हथियारों के साथ घुस गया, जहां राष्ट्रपति मौजूद थे? गोलीबारी की घटना और इसके बाद के पूरे घटनाक्रम को लेकर क्या-क्या सामने आया है? संदिग्ध हमलावर को कैसे पकड़ा गया और मौजूदा समय में उस पर किस तरह की कार्रवाई की बात चल रही है? राष्ट्रपति पर हमले की कोशिश के मामले में किसी व्यक्ति को क्या सजा हो सकती है? आइये जानते हैं…
कैसे गिरफ्त में आया संदिग्ध हमलावर? : अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, होटल के अंदर अपनी पहुंच बनाने के बाद संदिग्ध हमलावर हथियारों- शॉटगन, हैंडगन और कई चाकुओं से लैस होकर लॉबी में स्थित सीक्रेट सर्विस के सुरक्षा चेकपॉइंट की ओर तेजी से दौड़ा और उसे पार करने की कोशिश की। हालांकि, जैसे ही वह चेकपॉइंट से होकर भागा, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे दबोच लिया और जमीन पर गिराकर हथकड़ी लगा दी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुछ गोलियां चलीं और इसमें एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हो गया। हालांकि, बुलेटप्रूफ वेस्ट ने उसे बचा लिया और फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।







