नई दिल्ली। होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज, GFS गैलेक्सी पर ईरान ने हमला कर दिया। इस जहाज में 11 भारतीय भी सवार थे। हालांकि हमले के बाद 10 लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय लापता है। वहीं भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम आज ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की खबर है।” बयान में यह भी कहा गया कि “मंत्रालय खोज और बचाव अभियान के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से तालमेल बिठा रहा है। हम ओमान के अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।”
ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित उत्तर-पूर्वी ओमान के इलाकों में ड्रोन से हमले किए गए। इससे पहले ईरान ने ओमान पर हमलों का दावा किया था, जिसे ओमान के सल्तनत ने स्वीकार नहीं किया।