Home » ट्रंप ने ईरान को दी होर्मुज खोलने की अंतिम चेतावनी, कहा- अगर मंगलवार रात 8 बजे तक समझौता नहीं हुआ, तो…
दुनिया

ट्रंप ने ईरान को दी होर्मुज खोलने की अंतिम चेतावनी, कहा- अगर मंगलवार रात 8 बजे तक समझौता नहीं हुआ, तो…

वॉशिंगटन।  अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर अपना रुख और कड़ा कर लिया है। सोमवार को उन्होंने कहा कि वह ईरान से बहुत नाराज हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की समय सीमा इस बार अंतिम है। ट्रंप ने ईरान को शर्तों पर सहमत होने के लिए मंगलवार तक का समय है।

ट्रंप ने कहा, अगर वे सही कदम उठाते हैं, तो यह मामला बहुत जल्दी खत्म हो सकता है। उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के मौजूदा नेता पहले के मुकाबले ज्यादा समझदार हैं। ट्रंप ने आगे कहा, दुर्भाग्य से अमेरिकी लोग चाहते हैं कि हम घर लौट आएं। अगर यह मेरे हाथ में होता, तो मैं तेल ले लेता और इससे खूब पैसा कमाता। ट्रंप ने कहा कि इस युद्ध की प्राथमिकता केवल एक ही है, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते।

ईरान ने युद्धविराम प्रस्ताव किया खारिज :  यह विवाद तब बढ़ा जब ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को औपचारिक रूप से खारिज कर दिया। ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अपना संदेश भेजा है। ईरान का कहना है कि उसे कुछ समय का युद्धविराम नहीं, बल्कि युद्ध का स्थायी अंत चाहिए। ईरान ने अपनी तरफ से 10 शर्तों वाला एक प्रस्ताव रखा है। इसमें पूरे क्षेत्र में लड़ाई बंद करने, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने, ईरान पर लगी पाबंदियां हटाने और युद्ध के बाद पुनर्निर्माण में मदद जैसी मांगें शामिल हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने दी अंतिम चेतावनी :  डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी कि अगर मंगलवार रात 8 बजे तक समझौता नहीं हुआ, तो वह ईरान के लिए ‘नर्क’ जैसे हालात पैदा कर देंगे। ट्रंप चाहते हैं कि होर्मुज के रास्ते तेल की सप्लाई फिर से सामान्य हो जाए। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के बारे में ट्रुथ सोशल पोस्ट में गालियों के इस्तेमाल पर हो रही आलोचना का भी जवाब दिया। ट्रंप ने कहा, उन्होंने अपनी बात पर जोर देने के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग किया।

Search

Archives