वॉशिंगटन। मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चिर-परिचित अंदाज में फिर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि ईरान के नए और ‘बुद्धिमान’ राष्ट्रपति ने युद्धविराम की गुहार लगाई है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका की शर्तें पत्थर की लकीर जैसी हैं, या तो होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलना पड़ेगा, वरना ईरान को ‘पाषाण युग’ में धकेलने के लिए अमेरिका तैयार है।
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘ईरान के नए राष्ट्रपति, जो अपने से पहले वालों की तुलना में कहीं कम कट्टर और कहीं ज्यादा बुद्धिमान हैं, ने अभी-अभी अमेरिका से युद्धविराम की अपील की है, लेकिन हम इस पर तभी विचार करेंगे, जब होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला, आजाद और सुरक्षित हो जाएगा। तब तक हम ईरान को पूरी तरह से तबाह कर देंगे या ऐसा कह सकते हैं कि हम ईरान को वापस ‘पाषाण युग’ में धकेल देंगे।’
ईरान बोला- सीजफायर की नहीं की मांग : ट्रंप के दावे के बाद ईरान का भी जवाब सामने आया है। ईरान ने ट्रंप के दावे का खंडन किया है। ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने कहा है कि ईरान की ओर से युद्धविराम का कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है। ईरान द्वारा प्रस्तावित 5-सूत्रीय प्लान केवल मीडिया की अटकलें हैं। यह युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक हमलावर को सजा नहीं मिलता और ईरान को पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता।
ट्रंप के ऐसे दावों की बड़ी है लिस्ट : ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध में डोनाल्ड ट्रंप कई बार इस तरह के दावे कर चुके हैं। वो बार-बार कह रहे हैं कि ईरान उनके सामने सीजफायर की गुहार लगा रहा है, लेकिन ईरान लगातार इन दावों का खंडन कर रहा है।







