बड़े भाई सचिन रघुवंशी की पत्नी ने दिया बेटे को जन्म
इंदौर। शहर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के करीब आठ महीने बाद उनके परिवार में फिर से खुशियां लौट आई हैं। राजा के बड़े भाई सचिन के घर पुत्र जन्म हुआ है, जिसे रघुवंशी परिवार अपने दिवंगत बेटे ‘राजा’ की वापसी मान रहा है।
29 मार्च को सचिन रघुवंशी की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। इस खास मौके पर परिवार ने नवजात का नाम भी ‘राजा’ रखा और पूरे उत्साह के साथ घर में उसका स्वागत किया।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब नवजात को घर लाया गया, तो पूरा परिवार जश्न में डूबा नजर आया। मुख्य द्वार पर राजा इज बैग का बैनर लगाया गया, ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत हुआ और परिवार के लोग खुशी में झूम उठे।
सजी-धजी कार में मां और बच्चे को घर लाया गया, इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। परिवार के सदस्य ढोलक की थाप पर नाचते नजर आए और पूरे घर को सजाकर नए मेहमान का स्वागत किया गया।
भावुक कर देने वाले पल
गृह प्रवेश के दौरान भावनाएं भी छलक पड़ीं। परिवार की बहू हाथ में राजा रघुवंशी की तस्वीर लिए नजर आईं, वहीं लंबे समय बाद घरवालों के चेहरों पर मुस्कान लौटी।
मां बोली- मेरा बेटा लौट आया
राजा की मां उमा रघुवंशी ने भावुक होकर बोली “मेरा बेटा लौट आया है।” उन्होंने बताया कि जब वे नवजात को ‘राजा’ कहकर पुकारती हैं, तो उसकी प्रतिक्रिया उन्हें अपने बेटे की याद दिलाती है।
एकादशी का अनोखा संयोग
इस बच्चे के जन्म को परिवार इसलिए भी खास मान रहा है क्योंकि यह एक अद्भुत संयोग से जुड़ा है। मणिपुर में राजा रघुवंशी की हत्या ग्यारस (एकादशी) के दिन दोपहर करीब 2ः40 बजे हुई थी। वहीं नवजात का जन्म भी ग्यारस के दिन ही दोपहर 2ः42 बजे हुआ। समय और दिन के इस मेल को परिवार एक दिव्य संकेत के रूप में देख रहा है।
दुख से खुशी तक का सफर
राजा रघुवंशी की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में था, लेकिन अब इस नवजीवन ने घर में फिर से रौनक लौटा दी है। परिजन इस बच्चे को सिर्फ एक नया सदस्य नहीं, बल्कि अपने ‘राजा’ की वापसी मानकर भावनात्मक रूप से उससे जुड़ रहे हैं।







