Home » बाजरा या मक्के की रोटी, सर्दियों में कौन सी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद?
स्वास्थ्य

बाजरा या मक्के की रोटी, सर्दियों में कौन सी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद?

बाजरा और मक्का दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर है, लेकिन लोगों के मन में अक्सर ये सवाल रहता है कि सर्दियों में मक्के की रोटी या बाजरे की रोटी, सेहत के लिए कौन सी ज्यादा फायदेमंद है। अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि सर्दियों में मक्के की रोटी या बाजरे की रोटी कौन सी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है।

बाजरे की रोटी (Millet Roti)

हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, बाजरे की रोटी सर्दियों के लिए सबसे अधिक फायदेमंद मानी जाती है। बाजरा अपने थर्मोजेनिक गुण के कारण शरीर में गर्मी पैदा करता है, जो सर्दियों में तापमान बनाए रखने में मदद करता है।

पोषक तत्वों का भंडार: यह प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम का बेहतरीन सोर्स माना जाता है। ऐसे में सर्दियों में सुस्ती और थकान से छुटकारा पाने के लिए इसका सेवन फायदेमंद साबित होता है।

इम्यूनिटी बूस्टर: इसमें मौजूद जिंक और आयरन आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को मजबूत बनाते हैं, जो सर्दियों में होने वाली बीमारियों से बचाता है।

पाचन और वजन प्रबंधन: इसमें फाइबर बहुत अधिक होता है, जिससे पाचन क्रिया बेहतर होती है, कब्ज से राहत मिलती है और पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जो वजन घटाने में मदद करता है।

हड्डियों के लिए: बाजरा कैल्शियम और फास्फोरस से भरपूर होता है, जो सर्दियों में हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाने में सहायक है।

ब्लड शुगर नियंत्रण: इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जो रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मददगार है।

मक्के की रोटी (Maize Roti)

मक्के की रोटी भी सर्दियों में सेहत के लिए बहुत अच्छी है और इसके अपने खास फायदे हैं।

ऊर्जा और गर्माहट: मक्के में विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स होता है, जो शरीर की थर्मल एक्टिविटी को बढ़ाकर शरीर को गर्म और ऊर्जावान बनाए रखता है।

आंखों के लिए: इसमें विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन होते हैं, जो आंखों की रोशनी और सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।

कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करे: इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है।

पाचन में सहायक: इसमें घुलनशील फाइबर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने और कब्ज से राहत देने में सहायक है।

कौन सी ज्यादा फायदेमंद ?

अगर आप वेट कंट्रोल करना चाहते हैं, उच्च प्रोटीन, उच्च फाइबर और सर्दी में ठंड से बचना चाहते हैं , तो बाजरे की रोटी का सेवन करें। वहीं अगर आप विटामिन ए और आंखों की देखभाल करना चाहते हैं, तो मक्के की रोटी का सेवन करें। हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट सर्दियों में बाजरे की रोटी खाने की सलाह देते हैं।

Search

Archives